हिमाचल प्रदेश : - सीएम सुक्खू ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में बस-ट्रेवलर खरीद पर 40% सब्सिडी, चार महीने की रोड टैक्स छूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनुसूचित क्षेत्रों में परिवहन क्षेत्र के माध्यम से आजीविका के अवसर प्रदान करने के लिए बस और ट्रेवलर वाहनों की खरीद पर पात्र युवाओं को 40 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी और सड़क कर पर चार महीने की छूट दी जाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में बस एवं ट्रेवलर खरीदने पर राज्य सरकार पात्र युवाओं को 40 प्रतिशत तक सब्सिडी देगी। रोड टैक्स में चार महीने की छूट दी जाएगी। शुक्रवार को सचिवालय में हिमाचल प्रदेश जनजातीय सलाहकार परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने को विशेष तवज्जो दे रही है। जनजातीय इलाकों में सरकार निजी क्षेत्र में 250 किलोवाट से एक मेगावाट तक की सौर परियोजना स्थापित करने के लिए ब्याज उपदान भी प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बर्फबारी वाले क्षेत्रों में विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि मार्च-अप्रैल में स्थिति सामान्य होने पर काम शुरू कर उन्हें शीघ्र पूरा किया जा सके। पांगी के धनवास में 1.2 मेगावाट और स्पीति के रोंगटोंग में 2 मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्रों को शीघ्र कार्यशील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कैलाश मानसरोवर यात्रा शिपकी-ला से शुरू करने के लिए प्रयासरत है। इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। चीन अधिकृत तिब्बत में भी व्यापारिक गतिविधियां शुरू करने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास हुआ है। जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिव्यक्ति आय का औसत प्रदेश के अन्य जिलों से अधिक है। इन क्षेत्रों में जन्म के समय लिंगानुपात भी अन्य भागों से अच्छा है।
Comments