सुक्खू बोले : - हिमाचल प्रदेश की छवि और तकदीर दो साल में बदल जाएगी, भ्रष्टाचार के खिलाफ
प्रदेश कांग्रेस सरकार तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर मंडी के पड्डल मैदान में जन संकल्प सम्मेलन के नाम से रैली कर रही है। रैली में राज्य भर से बहुत से लोग शामिल हुए हैं।
सीएम सुक्खू ने लाभार्थियों को चेक वितरित किए
समारोह के समापन पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। आपदा प्रभावितों को भी राहत राशि वितरित की गई।
आने वाले दो साल में सभी गारंटियों को पूरा करेंगे: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने तीन साल में 10 में से सात गारंटियों को पूरा कर लिया है। राज्य के सभी स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू करने का फैसला लिया है। आने वाले दो साल में बाकि सभी गारंटियों को पूरा करेंगे। 4,500 बीघा जमीन पूर्व भाजपा सरकार ने 1.32 करोड़ में दे दी गई। बड़े-बड़े उद्योगपतियों को रजिस्ट्री शुल्क माफ कर दिया गया। उद्योगपतियों को तीन रुपये प्रति यूनिट पर बिजली दी गई। शराब ठेकों से भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में 450 करोड़ कमाया और हमारी सरकार ने एक साल में इतनी कमाई की। नैतिकता की बात करने वाले भाजपा के लोग भ्रष्टाचार के दलदल में फंसे हुए हैं। जो लोग राजनीति में सच्चे सेवक होते हैं, वे न घबराते हैं और न हमें किसी से घबराने की जरूरत है। 2027 में हिमाचल आत्मनिर्भर प्रदेश बनेगा। सुक्खू ने कहा कि अगर आप सब लोग कांग्रेस के साथ खड़े हैं तो आने वाले दो साल में हिमाचल की तस्वीर और तकदीर बदलेंगे, भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे।
2027 के चुनाव में 52 सीटें जीतकर वोल्वो में विधानसभा आएंगे: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि आपदा के दो साल बाद 2 हजार करोड़ रुपये केंद्र से मंजूर हुए। केंद्र हमारे हाथ बांधने की कोशिश कर रहा है। हमारी सरकार ने हर आपदा प्रभावित को बसाने का काम किया। हमने आपदा प्रभावितों के लिए नियम और कानून बदले। आपदा प्रभावितों को देश का सबसे अच्छा राहत पैकेज दिया। सुक्खू ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुने हुए विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई और कहा गया कि इस सरकार को तो भगवान भी नहीं बचा सकता है। लेकिन प्रदेश की जनता और भगवान के आशीर्वाद से छह सीटें जीतकर कांग्रेस विधायकों की संख्या फिर से 40 हो गई। जयराम ठाकुर ने उनकी ऑल्टो गाड़ी का मजाक उड़ाया। लेकिन 2027 के चुनाव में 52 सीटें जीतकर हम वोल्वो में विधानसभा आएंगे।
भाजपा ने गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा: सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। कांग्रेस के दो-दो प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपना बलिदान दिया। जो लोग देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, वे आज प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि जब मुख्यमंत्री बना तो तीन चुनाैतियां सामने थीं। भाजपा की पूर्व सरकार ने प्रदेश की गरीब जनता पर 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़ा। हमारी सरकार को कर्जा चुकाने के लिए कर्जा लेना पड़ रहा है। आपकी तो डबल इंजन की सरकार थी, फिर क्यों इतना कर्जा लेना पड़ा। छठे वेतन आयोग का 10 हजार करोड़ का एरियर भी हमारी सरकार पर छोड़ दिया। हमारे मंत्रिमंडल, प्रदेश की जनता ने कंधे से कंधा मिलकार इस आर्थिक चुनाैति का सामना किया।
हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक: रजनी पाटिल
कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के लोग और कांग्रेस दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। सरकार ने तीन साल में छह गारंटियों को पूरा किया है। चिट्टे के खिलाफ सरकार की ओर से शुरू किए गए अभियान की देश भर में सराहना हो रही है। हिमाचल को सामाजिक-आर्थिक व पर्यावरण की दृष्टि से संपन्न राज्य बनाना होगा। रजनी ने कहा कि महिलाओं को 15-15 साै रुपये प्रियंका गांधी के हाथों दिए जाएंगे। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का हिमाचल से विशेष लगाव रहा और राज्य को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिलाया।
साजिश रचने वाले अधिकारी दिन के उजाले में निपटेंगे: मुकेश
मुकेश ने भाजपा के नेता दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री की 1500 करोड़ की घोषणा को रोक रहे हैं। सीएम से आग्रह है कि ओपीएस के लिए एक पक्का कानून बनाओ, ताकि इसे कोई बंद नहीं कर सके। एचआरटीसी का वेतन और पेंशन 36 महीने मिली है। कहा कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ साजिश करने वाले अफसर दिन के उजाले में निपटेंगे। जो अफसर भाजपा के लोगों के घर में हाजिरी भर रहे हैं। उनसे निपटेंगे। सुक्खू जी से भी कहना चाहेंगे ऐसे अफसरों को दोनों हाथों से निपटाओ। वरना काम नहीं चलेगा। मुकेश अग्निहोत्री संतुष्ट आदमी है। कोई कुचलने की कोशिश करेगा नेस्तनाबूद कर देंगे। बल्क ड्रग का काम अफसरों को दो साल में पूरा करना चाहिए। कछुआ चाल से योजनाएं नहीं चलेंगी। जिसका जो हक बनता है उसे पद मिलने चाहिए ताकि अगली तैयारी शुरू की जा सके। सरकार चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है।
जिन लोगों को यहां से चुनकर भेजा, वे सुध लेने क्यों नहीं आए: विनय कुमार
रैली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि जिन लोगों को यहां से चुनकर भेजा, वे सुध लेने क्यों नहीं आए। उन्होंने कहा कि मंडी में आपदा आई तो सरकार ने यहीं इसलिए जनसंकल्प सम्मेलन रखा है। उन्होंने सीएम सुक्खू को बहुत आदर के योग्य लोकप्रिय मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को बहुत आदर के योग्य कहकर संबोधित किया।
कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना: अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि मंडी में आज जन सुनामी आई है। इससे साफ है कि प्रदेश की वर्तमान सरकार के तीन साल को जनता का भरपूर सहयोग मिला। आज की रैली उनके लिए भी चेतावनी है जो सोचते हैं कि घर बैठे ही सत्ता हासिल कर लेंगे। कहा कि हम उस पार्टी के वारिस हैं, जिसने हिमाचल बनाया है। इंदिरा गांधी का आशीर्वाद नहीं मिला होता तो भी हम यहां इस समारोह को न मना रहे होते। कहा कि कांग्रेस की बदौलत ही हिमाचल बना और नेहरू-गांधी परिवार की बदौलत प्रदेश आगे बढ़ा और पूर्ण राज्यत्व का दर्जा मिला। हिमाचल को बनाने में प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डाॅ. वाईएस परमार की भूमिका रही। भाजपा हिमाचल को बनाने की विरोधी थी। वीरभद्र सिंह ने लंबी पारी खेली, जो प्रदेश में विकास हुआ है यह उनकी बदौलत है। आज सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार इसे आगे बढ़ा रही है।
मुख्यमंत्री ने कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया
सरकार की तीन वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित कॉफी टेबल बुक का मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व अन्य नेताओं ने विमोचन किया।
वंदे मातरम से हुई समारोह की शुरुआत
तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश कांग्रेस सरकार की जन संकल्प समारोह की शुरुआत वंदे मातरम से हुई। जनसभा में उपस्थित सभी लोगों ने वंदे मातरम गाया।
Comments