भाजपा ने जोरावर स्टेडियम धर्मशाला में व्यवस्था के पतन के तीन साल, बदलो-बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार... के नारे के साथ व्यापक प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं के यहां आने से तपोवन का ताप बढ़ गया: जयराम ठाकुर
रैली में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कार्यकर्ताओं के यहां आने से तपोवन का ताप बढ़ गया है। जब सत्र में मुख्यमंत्री प्रवेश करते हैं तो हम राधे-राधे कहते हैं, इसपर मुख्यमंत्री भी एक कार्यक्रम में राधे-राधे कहने लगे हैं। मुख्यमंत्री कहते थे कि वहां कांग्रेस जीती जहां 97 फीसदी हिंदू हैं। कहा कि अगली बार जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव होगा तो पूरी कांग्रेस ऑल्टो कार में फिट हो जाएगी। सरकार तीन साल में तीन योजनाओं की बात तो करे। सहारा और शगुन योजना का पैसा नहीं मिल रहा। हिमकेयर का लाभ तक नहीं मिल रहा। इन तीन साल में जिक्र होता है, मुख्यमंत्री को समोसा नहीं मिला, जंगली मुर्गे का। साढ़े पांच हजार करोड़ रुपये का प्रदेश सरकार हिसाब नहीं दे रही और 1500 करोड़ नहीं मिलने का राग अलाप रही। धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए 30 करोड़ तक जमा नहीं कर पा रही। पालमपुर कृषि विवि के कैंपस को लीज पर देने की बात की जा रही है। धारा 118 को बदलने के लिए सत्र में विधेयक लेकर कांग्रेस सरकार आ रही है। गत दिवस विद्यार्थी परिषद पर सरकार के इशारे पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को लहूलुहान कर दिया।
अनुराग बोले- नहीं चला सकते सरकार तो गद्दी छोड़ क्यों नहीं देते, फेविकोल की तरह क्यों चिपके हैं?
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि रैली में मुंड और सड़कों पर झुंड नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा था कि 97वें फीसदी हिंदू विचारधारा की हार है। अनुराग ने कहा कि सरकार शिमला में मस्जिद आदि मामलों से तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। एक तरफ धौलाधार के पहाड़ और दूसरी तरफ युवा जोश है। कांग्रेस ने एक लाख करोड़ के कर्ज में प्रदेश को डूबो दिया। यह खाओ और मौज करो सरकार है। मित्रों को महकमे दे दिए। आज से कांग्रेस के पांव उखड़ने शुरू हो गए हैं। बिहार में एक सौफे पर आ गए थे। नहीं चला सकते सरकार तो गद्दी छोड़ क्यों नहीं देते, फेविकोल की तरह क्यों चिपके हैं? हजारों करोड़ रेलवे के लिए दिया, लेकिन प्रदेश सरकार अपने हिस्से का 1,400 करोड़ तक नहीं दे पाई। दूध के नाम पर प्रदेश को दोह लिया और अर्थव्यवस्था को गोबर में मिला दिया। देवभूमि अब अपराध भूमि बन रही है। सभी दस गारंटियों पर सरकार फेल हुई है। क्या यही व्यवस्था परिवर्तन है? झूठ का प्रोपेगेंडा प्रदेश में सरकार चला रही है।
2027 में कांग्रेस की सभी बूथों पर जमानत जब्त करेंगे: श्रीकांत शर्मा
प्रदेश भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने राधे-राधे कहकर शुरुआत की। कहां कि सुक्खू तक आवाज पहुंचनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 2022 में धोखे से कांग्रेस की सरकार आ गई। चुनावी गारंटियों से लोगों के साथ विश्वासघात किया। यह भोली-भाली जनता वादाखिलाफी करने वालों को ईवीएम का बटन दबाकर जवाब भी देती है। आपदा में टूटे घरों को बनाने का काम भी नहीं किया। मोदी की चाय वाली वीडियो वायरल करते हैं। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त में अनाज वितरित किया और राम मंदिर बनाने और 370 धारा को समाप्त करने का काम चाय बेचने वाले ने किया। चंदा चोरी और नेशनल हेराल्ड में चोरी का काम कांग्रेस ने किया। बच्चों को राधे-राधे बोलने से मना करते हैं। कांग्रेसी डरपोक हैं। राहुल का सनातन से कोई सरोकार नहीं है। कहते थे कि राम का कोई अस्तित्व नहीं है। हर बूथ से कांग्रेस का सूपड़ा साफ करना है। हिमाचल भाजपा का था, है और 2027 को फिर से होगा। कांग्रेस की सभी बूथों पर जमानत जब्त करेंगे।
राजीव बिंदल ने माता चामुंडा देवी के जयघोष से शुरू किया भाषण
रैली में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने माता चामुंडा देवी के जयघोष से भाषण शुरू किया। वंदे मातरम, भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि इस सरकार को उखाड़ फेंकने का जज्बा लेकर जाना है। सरकार ने हमारे कार्यकर्ताओं की बसें और जोरावर के गेट पर रोक दीं लेकिन किस-किस को रोकेंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय का कार्य रोक दिया गया है। पालमपुर कृषि विश्वविद्यालय की जमीन बेचने का प्रयास किया जा रहा है।
रैली से जो आग निकलेगी वो कांग्रेस रूपी भस्मासुर को भस्म कर देगी: राजीव भारद्वाज
कांगड़ा-चंबा के सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा कि 2027 के चुनाव के लिए योद्धाओं की टीम बनी है। जनता इस प्रदेश कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकेगी। आज इस रैली से जो आग निकलेगी वो कांग्रेस रूपी भस्मासुर को भस्म कर देगी। सरकार इतनी कंगाल हो चुकी है कि कहीं विधायकों के वेतन को न बंद कर दें।
जनता कांग्रेस सरकार को उखाड़कर फेंकने का मन बना चुकी: टंडन
संजय टंडन ने दो टूक कहा कि अब जनता कांग्रेस सरकार को उखाड़कर फेंकने का मन बना चुकी है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और आने वाला समय भाजपा का है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव, गली-गली जाकर कांग्रेस के झूठ, भ्रष्टाचार और कुशासन की पोल खोलेंगे।
यह रैली नहीं, जनता का कांग्रेस सरकार के खिलाफ महा सैलाब है: संजय टंडन
भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण रैली नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का रैला है, जिसमें हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर परिवार का आक्रोश उमड़कर सामने आया है। संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले जनता से जो गारंटियां की थीं, तीन साल बीत जाने के बाद भी एक भी गारंटी को जमीन पर पूरा नहीं किया गया। युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आर्थिक सहायता, किसानों को राहत और जनता को सस्ती सेवाओं के वादे सिर्फ भाषणों तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं ने सत्ता में आते ही जनता को लूटने का काम शुरू कर दिया। हर मोर्चे पर भ्रष्टाचार, अराजकता और प्रशासनिक विफलता आज हिमाचल की पहचान बना दी गई है। कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है, महंगाई और बेरोजगारी से आम आदमी त्रस्त है, लेकिन कांग्रेस सरकार सिर्फ कुर्सी बचाने में लगी हुई है।
प्रदेश में चिट्टा माफिया और भ्रष्टाचार तथा गैंगवार चल रहा: सुरेश कश्यप
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में चिट्टा माफिया और भ्रष्टाचार तथा गैंगवार चल रहा है। सरकार ने 10 झूठी गारंटियां दीं। जनता को गुमराह किया जा रहा है। सरकार ने डिपुओं के राशन के दाम, वैट लगाकर पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए। भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सांसद अनुराग ठाकुर भी मंच पर पहुंचे।
सुख की सरकार को उखाड़ फेंकना है: विपिन परमार
रैली में विधायक विपिन परमार ने कहा कि इस सुख की सरकार को उखाड़ फेंकना है। सरकार खज्जल है। इनका नाम खज्जल सिंह होना चाहिए। प्रदेश में केंद्र के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष सहित ये बड़े नेता रैली में शामिल
प्रदर्शन को भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, इंदु गोस्वामी, डॉ. सिकंदर कुमार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, संजीव कटवाल, पायल, सुधीर शर्मा, त्रिलोक कपूर, सभी भाजपा विधायक, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो-बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के नारे के साथ गरजी भाजपा
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर भाजपा ने व्यवस्था पतन के तीन साल, बदलो-बदलो भ्रष्ट कांग्रेस सरकार के नारे के साथ जोरावर स्टेडियम धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन किया। इस रैली का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किया। सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रैली में शामिल हुए।
Comments