Himachal Bus Accident : - सिरमौर के हरिपुरधार में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 12 लोगों की मौ-त हो गई; 45 यात्री सवार थे।

Himachal Pradesh Bus Crash : - शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अभी तक बारह लोग मर गए हैं और कई घायल हैं। रेस्क्यू टीम बचाव कार्य कर रही है। फिलहाल, बहुत से लोग फंसे होने की आशंका है।

सिरमौर जिले के हरिपुरधार में निजी बस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है। वहीं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। ये बस कुपवी से शिमला जा रही थी। जो हरिपुरधार के पास 50 मीटर गहरी खाई में गिर गई। जानकारी के अनुसार बस में 45 लोग सवार थे।

स्थानीय लोग हादसे में घायलों को बाहर सड़क तक लेकर आ रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीखों पुकार मची है। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए हैं।

एसपी सिरमौर, निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि सिरमौर जिले में हरिपुरधार के पास कुपवी से शिमला जा रही एक प्राइवेट बस के सड़क से नीचे गिरने से हुए हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। बस में 30-35 लोग सवार थे। और जानकारी का इंतजार है। मैं मौके पर जा रहा हूं। पुलिस और दूसरी बचाव टीमें घायलों को निकालने की कोशिश कर रही हैं।

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने जताया शोक

सिरमौर जिले के हरिपुरधार में शुक्रवार दोपहर बाद एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई घायल हो गए। घटना के बाद राहत बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायल पांच मरीजों को उपचार के लिए हायर संगड़ाह, ददाहू और नाहन लाया जा रहा है। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उधर, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान दुर्घटना पर सरकार की ओर से शोक जताया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज नाहन में गंभीर रूप से लाए जा रहे मरीजों के उपचार के लेकर उचित व्यवस्था के निर्देश दिए। कुछ लोग राजगढ़, व ददाहू में रेफर किए गए हैं। मेडिकल कालेज में तैयारियां उपचार के लिए पूरी कर दी हैं।

बस हादसे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने जताया दुख

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि हरिपुरधार में बस दुर्घटना की अत्यंत दुखद खबर प्राप्त हुई है। इस हृदयविदारक घटना ने मुझे भीतर तक झकझोर दिया है। इस दुख की घड़ी में उन्होंने अपने आगामी सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया है। वह इस समय पालमपुर से हरिपुरधार के लिए रवाना हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कठिन समय में हम सभी का कर्तव्य है कि एकजुट होकर मानवता के नाते अपना दायित्व निभाएं।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक किया व्यक्त 

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को सिरमौर जिले के हरिपुरधार के पास एक निजी बस दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि पर गहरा शोक व्यक्त किया। दुर्भाग्यपूर्ण बस शिमला से राजगढ़ होते हुए कुपवी जा रही थी, तभी वह सड़क से उतरकर एक गहरी खाई में गिर गई। मुख्यमंत्री ने जिला अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उपमुख्यमंत्री ने भी जताया शोक

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'सिरमौर जिले के हरिपुरधार में एक निजी बस के गहरी खाई में उतरने से 12 लोगों के निधन एवं कई यात्रियों के घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में मारे गए लोगों को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवारों को अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। प्रशासन राहत कार्यों के लिए मौके पर पहुँच चुका है। ॐ शांति।'

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी जताया शोक

वहीं, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'सिरमौर जिले के हरिपुरधार क्षेत्र में निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना बहुत दुःखद है। इस भीषण हादसे में कई लोगों के हताहत होने की सूचना अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'

हरिपुरधार हादसे में 12 लोगों की मौ-त, 19 लोग मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर

सिरमौर जिले में हुई बस दुर्घटना में कुछ घायल लोग राजगढ़ कुछ ददाहू रेफर किए गए हैं। मेडिकल कालेज में तैयारियां उपचार के लिए पूरी कर दी गई हैं। उद्योग मंत्री खुद मेडिकल कॉलेज में डटे हैं। उन्होंने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

वहीं, पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'शिमला से हरिपुरधार जा रही एक प्राइवेट बस के सिरमौर ज़िले के हरिपुरधार में दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई लोग घायल हो गए, बहुत दुखद है। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है। घटना के बाद, स्थानीय प्रशासन, पुलिस और निवासियों ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को शक्ति मिलने की प्रार्थना करता हूं। राज्य सरकार दुख की इस घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों के साथ मज़बूती से खड़ी है।'

हरिपुरधार बस हादसा: जयराम ठाकुर ने जताया शोक, लचर स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकार को घेरा

सिरमौर जिले के हरिपुरधार में हुए भीषण बस हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में 12 यात्रियों की मृत्यु को हृदयविदारक बताते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हादसे के बाद क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों की बदहाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हरिपुरधार और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में लचर व्यवस्था और सुविधाओं का अभाव अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे घायलों को समय पर उचित उपचार मिलने में भारी कठिनाई हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।

जयराम ठाकुर ने जानकारी दी कि उन्होंने स्थानीय भाजपा सांसद सुरेश कश्यप को तुरंत मौके पर जाकर पीड़ित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जमीनी स्तर पर राहत कार्य सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि वह राजनीति से ऊपर उठकर घायलों के लिए बेहतरीन स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराए और मृतकों के आश्रितों को हरसंभव सहायता व उचित मुआवजा प्रदान करे। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में भाजपा का हर कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ खड़ा है और सरकार को राहत कार्यों में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए।

बस में सवार थे 45 लोग

वहीं, एसडीएम सुनील कुमार कैथ ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभी तक इस दुर्घटना में 12 लोगों की मृत्यु हो गई है। बस में 45 लोग सवार थे। सभी घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया है। प्रारंभिक तौर पर अभी यह नहीं बताया जा सकता कि दुर्घटना किस कारण से हुई है। इसकी गहन जांच की जाएगी। राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है।

Comments