विधानसभा घरेलू समस्याओं का समाधान नहीं है: विक्रमादित्य

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विधानसभा का मंच किसी जनप्रतिनिधि की पारिवारिक या व्यक्तिगत समस्याओं को हल करने के लिए नहीं है। सत्ताधारी पक्ष से पूरी तरह संतुष्ट होना कभी संभव नहीं रहा है और भविष्य में भी नहीं होगा, लेकिन सदन में रचनात्मक और सकारात्मक बहस होनी चाहिए। उनका कहना था कि दुर्भाग्यवश, हाल के दिनों में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से व्यक्तिगत हमला सामने आया है।

तपोवन में पत्रकारों से अनौपचारिक वार्ता में उन्होंने कहा कि सदन में निजी समस्याओं या परिवार की कमियों को रखना उचित नहीं है। 75 लाख लोगों के सड़क, बिजली, पेयजल, किसानों, बागवानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों का समाधान करना विधानसभा की जिम्मेदारी है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि गांवों तक कनेक्टिविटी को मजबूत करने, बंद सड़कों को खोलने और वित्तीय चुनौतियों के बावजूद बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

प्रगति पर है होली-उतराला सड़क का कार्य

मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि राज्य में सड़क संपर्क सुधारने के लिए प्रयास तेज किए गए हैं। पीएमजेएसवाई-4 के तहत हाल ही में 2300 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है, जिस पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए कि इसे और बेहतर कैसे लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि होली-उतराला सड़क भरमौर क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके 42 किलोमीटर हिस्से में कार्य प्रगति पर है। इसे मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड के रूप में अपग्रेड करने और राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजा गया है। इस सड़क को पठानकोट–भरमौर और पठानकोट–मंडी राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ने का भी प्रयास जारी है।

फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को अभी नहीं मिली स्वीकृति : विक्रमादित्य

धर्मशाला। कांगड़ा के परौर से मंडी के पधर तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण परियोजना को अभी तक केंद्र से स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है। यह जानकारी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल द्वारा पूछे गए प्रश्न के लिखित जवाब में दी। मंत्री ने बताया कि परियोजना निदेशक पालमपुर के अनुसार एनएचएआई मुख्यालय दिल्ली की ओर से नए डीपीआर सलाहकार की नियुक्ति के लिए निविदाएं प्राप्त हो चुकी हैं और इनका मूल्यांकन जारी है। डीपीआर सलाहकार के चयन और तैनाती के बाद ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

खड़ा डंडा मार्ग 25 दिसंबर तक बड़े वाहनों के लिए खुलेगा

धर्मशाला। कोतवाली से मैक्लोडगंज वाया खड़ा डंडा मार्ग 25 दिसंबर तक बड़े वाहनों के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा। फिलहाल इस मार्ग को छोटे वाहनों के लिए 15 नवंबर से ही खोल दिया गया है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने विधायक सुधीर शर्मा के प्रश्न के उत्तर में बताया कि बरसात के दौरान यह मार्ग तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। एक हिस्से पर 35 लाख रुपये की मरम्मत कर कार्य पूरा कर लिया गया है। दूसरे हिस्से पर 12.76 लाख रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है, जबकि तीसरे चरण में 30 लाख रुपये का कार्य होना बाकी है। कुल 77.76 लाख रुपये की लागत से मार्ग को दुरुस्त किया जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

Appeal for Financial Support by Rohit Rana, Alumnus of J.V.S. Public Senior Secondary School, Baijnath ( HP )

धर्मशाला छात्रा मौ-त मामला : - राजकीय प्राध्यापक संघ ने तुरंत बैठक बुलाई, एसपी कांगड़ा से भी मुलाकात की

हिमाचल प्रदेश : - आईआईटी मंडी की खोज: कांगड़ा में पर्याप्त पानी, मंडी में संतुलन और कुल्लू में संकट